भारतीय जनता पार्टी – भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी में पार्टी की जीत का स्वागत किया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जीत को भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों को पनाह देने वालों के खिलाफ जनता की करारी प्रतिक्रिया बताया। श्री शाह ने असम की जनता को ऐतिहासिक हैट्रिक जनादेश के लिए बधाई दी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में एनडीए सरकार द्वारा एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील राज्य के निर्माण के लिए किए गए अथक प्रयासों का सशक्त समर्थन बताया। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि असीम स्नेह और सहयोग से जनता को और भी बेहतर सेवाएं प्रदान करने और उनकी आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का उनका संकल्प मजबूत हो रहा है।
केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए श्री शाह ने कहा कि यह जनादेश श्री मोदी और मुख्यमंत्री एन रंगासामी के दूरदर्शी नेतृत्व में अपनाई गई प्रदर्शनकारी राजनीति की जीत है।
उन्होंने दक्षिणी राज्य केरलम् में एनडीए को अधिक वोट शेयर देने के लिए केरलम् की जनता का भी आभार व्यक्त किया। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ‘विकासित केरलम’ के प्रति वचनबद्ध है और इस दिशा में काम करना जारी रखेगी।
श्री शाह ने तमिलनाडु के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र में एनडीए सरकार तमिलनाडु के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और तमिल संस्कृति और गौरव को मजबूत करने की दिशा में काम करना जारी रखेगी
