मध्य प्रदेश में बढ़ा गर्मी का कहर, 6 जिलों में लू की चेतावनी, रतलाम फिर 45 डिग्री पर पहुंचा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में बढ़ा गर्मी का कहर, 6 जिलों में लू की चेतावनी, रतलाम फिर 45 डिग्री पर पहुंचा

Date : 12-May-2026

 भोपाल, 12 मई । मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमते ही भीषण गर्मी ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में लू का असर देखने को मिला। रतलाम में तापमान लगातार दूसरे दिन 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर सबसे अधिक गर्म रह सकते हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। अधिकांश जिलों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

सोमवार को इंदौर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले साल 1 मई को यहां तापमान 42 डिग्री था, जिससे साफ है कि इस बार गर्मी ज्यादा तीखी पड़ रही है। अन्य प्रमुख शहरों में उज्जैन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री, भोपाल का 41.2 डिग्री, जबलपुर का 40.8 डिग्री और ग्वालियर का 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम के बाद शाजापुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया।

इसके अलावा धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री, गुना में 41.5 डिग्री और रायसेन, सागर, नर्मदापुरम व श्योपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नरसिंहपुर, खजुराहो, छिंदवाड़ा, दमोह, मंडला, बैतूल और नौगांव में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

गौरतलब है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से 10 मई तक लगातार आंधी और बारिश का दौर चला। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन के असर से मई के शुरुआती दिनों में मौसम बदला रहा, लेकिन अब गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement