प्रयागराज के अनुसूचित जाति के 14 लोगों को बकरी पालन योजना का दिया जाएगा लाभ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रयागराज के अनुसूचित जाति के 14 लोगों को बकरी पालन योजना का दिया जाएगा लाभ

Date : 12-May-2026

 प्रयागराज, 12 मई । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अनुसूचित जाति की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए बकरी पालन योजना चला रही है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुचित जाति से बकरी पालन योजना के तहत 14 पात्र लोगों को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पशुपालन विभाग ने इस संबंध में आवेदन मांगा है। यह जानकारी मंगलवार को प्रयागराज के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गठित समिति द्वारा की जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 मई 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए बकरी पालन योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना राज्य योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिसमें लाभार्थियों को अनुदान का लाभ प्रदान किया जाएगा। जनपद प्रयागराज के लिए 14 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक चयनित लाभार्थी को 5 बकरियां एवं एक बकरा उपलब्ध कराया जाएगा। योजना इकाई की लागत 60 हजार रुपये निर्धारित है, जिसमें 10 प्रतिशत अंशदान लाभार्थी को स्वयं वहन करना होगा।

योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को पशुपालन विभाग द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का प्रयागराज जनपद का निवासी होना अनिवार्य है तथा उसकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। आवेदन केवल अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों से मांगे गए हैं।

आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा शपथ पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित विकास खंड के पशुचिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement