कोलकाता के राजा बाजार में सड़क पर जुमे की नमाज को लेकर हंगामा, पुलिस ने खाली करवाई सड़क | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कोलकाता के राजा बाजार में सड़क पर जुमे की नमाज को लेकर हंगामा, पुलिस ने खाली करवाई सड़क

Date : 15-May-2026

 कोलकाता, 15 मई। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के राजा बाजार इलाके में शुक्रवार को सड़क पर जुमे की नमाज पढ़ने को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस द्वारा सड़क खाली कराने की कोशिश के दौरान नमाजियों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस और नारेबाजी हुई। बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इलाके को खाली कराया गया और यातायात सामान्य किया गया।

जानकारी के अनुसार, राजा बाजार इलाके में वर्षों से सड़क पर जुमे की नमाज अदा की जाती रही है। हालांकि, राज्य की नई सरकार द्वारा सार्वजनिक सड़कों पर धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगाने के आदेश के बाद शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से सड़क खाली करने को कहा। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने पुलिस से धक्का-मुक्की करने की कोशिश की। इसके साथ ही नारे - तकबीर व अल्लाह - हू - अकबर के नारे लगाए।

हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, कोलकाता के अधिकांश इलाकों में मस्जिदों के भीतर शांतिपूर्ण ढंग से जुमे की नमाज अदा की गई और केवल राजा बाजार इलाके में विवाद की स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने सड़क खाली कराकर यातायात सुचारु करा दिया। फिलहाल, इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

इधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और लोगों को मस्जिदों में जाकर इबादत करनी चाहिए। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से सड़क पर नमाज पढ़ने की परंपरा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement