सीएम रेखा समेत मंत्रियों ने मेट्रो व बस से सफर करके दिया ईंधन बचत का संदेश | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सीएम रेखा समेत मंत्रियों ने मेट्रो व बस से सफर करके दिया ईंधन बचत का संदेश

Date : 18-May-2026

नई दिल्ली, 18 मई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ जन-अभियान के अंतर्गत शुरू की गई ‘मेट्रो मंडे’ पहल में भाग लेते हुए सार्वजनिक परिवहन, ईंधन संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक भागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री की अपील पर दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों व सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने कार्यालय पहुंचने के लिए मेट्रो रेल व दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों का उपयोग किया।

मुख्यमंत्री ने अपने दिन की शुरुआत जनभागीदारी के संदेश के साथ की। वह अपने आवास से लोक निवास में उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के लिए पैदल पहुंचीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक कार के माध्यम से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की और वहां से आईटीओ मेट्रो स्टेशन तक दिल्ली मेट्रो सेवा का उपयोग किया। आईटीओ मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय दिल्ली सचिवालय तक जाने के लिए फीडर बस सेवा का उपयोग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को यह संदेश देना है कि राष्ट्रहित में किया गया छोटा-सा प्रयास भी देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक संतुलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की जो अपील की गई है, दिल्ली सरकार उसे जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ‘मेट्रो मंडे’ उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को सप्ताह में कम-से-कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सरकारी स्तर पर भी कई बड़े कदम उठा रही है। इनमें सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था, सरकारी वाहनों के उपयोग में कटौती, ऑनलाइन बैठकों को बढ़ावा तथा सार्वजनिक परिवहन के अधिकतम उपयोग जैसी पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो-डीटीसी बसों का अधिक उपयोग न केवल ईंधन की बचत करेगा, बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण को कम करने में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी को अधिक स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि सभी नागरिक यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे न केवल देश के लिए ईंधन की बचत होगी, बल्कि दिल्ली में प्रदूषण और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं को कम करने में भी बड़ी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लोग अपनी दिनचर्या में मेट्रो, डीटीसी बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों को शामिल करना शुरू करें, तो राजधानी को अधिक स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ‘मेट्रो मंडे’ के अंतर्गत दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों ने भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित दिल्ली का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मेट्रो से उत्तम नगर ईस्ट से आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन यात्रा की। इस दौरान उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने की जनता से अपील की।

दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने 'मेट्रो मंडे' के तहत सोमवार को दिल्ली सचिवालय आने के लिए मेट्रो और मेट्रो फीडर बस से सफर किया। उन्होंने मेट्रो एवं फीडर बस में यात्रा के दौरान सह यात्रियों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री द्वारा ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग करें और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।

कपिल मिश्रा ने कहा कि मेट्रो, फीडर बस, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा जैसे कदम दिल्ली की यातायात व्यवस्था को सशक्त बनाने, प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने 'मेट्रो मंडे' को दिल्ली सरकार के जनभागीदारी से जुड़े एक सकारात्मक अभियान के रूप में बताते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग से ईंधन की बचत, ट्रैफिक नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement