मुंबई, 18 मई । भारत चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की निकाय संस्थाओं से चुने जाने वाले 16 सदस्यों के द्विवार्षिक चुनावी कार्यक्रम का एलान कर दिया है। इसके साथ ही नागपुर निकाय संस्था से एक एमएलसी के उपचुनाव की घोषणा की गई है। मतदान 18 जून को और 22 जून को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग 25 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी करेगा। उम्मीदवार 1 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे और 2 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन 4 जून तक वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराए जाएंगे। चुनावी नतीजे 22 जून को घोषित किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया 25 जून तक पूरी कर ली जाएगी। विधान परिषद की कुल 78 सीटों में से 22 सदस्य स्थानीय निकायों द्वारा चुने जाते हैं। नियमानुसार निकाय संस्थाओं में चुनाव कराने के लिए कुल मतदाताओं में से कम से कम 75 प्रतिशत वोटरों की उपलब्धता अनिवार्य होती है।
हाल में हुए विधान परिषद की 9 सीटों और एक उपचुनाव में सभी सदस्यों को निर्विरोध चयनित किया गया था। अब निकाय संस्थाओं के माध्यम से चुने जाने वाले सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चुनाव की घोषणा की गई है। आयोग के मुताबिक इन 16 सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर खत्म हुआ था। सोलापुर और अहमदनगर सीट जनवरी 2022 में ही खाली हो गई थी। ठाणे सीट जून 2022 और जलगांव, सांगली-सतारा, नांदेड़ समेत 6 सीटें दिसंबर 2022 में रिक्त हुई थीं। औरंगाबाद -जालना सीट पर सदस्य का कार्यकाल 29 अगस्त 2025 को पूरा हुआ था। विधान परिषद की नागपुर निकाय सीट बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले के विधानसभा में चुने जाने के बाद 23 नवंबर 2024 को रिक्त हुई थी। बावनकुले का एमएलसी के तौर पर कार्यकाल 1 जनवरी 2028 तक था। वर्तमान में बावनकुले राजस्व मंत्री हैं.
