शुभेंदु अधिकारी के निजी सहयोगी की हत्या के मामले में पांचवां आरोपित गिरफ्तार, वाराणसी से पकड़ा गया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

शुभेंदु अधिकारी के निजी सहयोगी की हत्या के मामले में पांचवां आरोपित गिरफ्तार, वाराणसी से पकड़ा गया

Date : 20-May-2026

 कोलकाता, 20 मई । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वाराणसी से एक और आरोपित को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह चंद्रनाथ रथ की हत्या से जुड़े मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान विनय राय उर्फ पपम राय के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार रात को हिरासत में लिया गया। वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के जमानी क्षेत्र का निवासी है, लेकिन पिछले कई वर्षों से वाराणसी में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहा था।

सीबीआई ने आरोपित को वाराणसी की स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता लाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को रिजर्व पुलिस लाइंस क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

एजेंसी ने गिरफ्तारी से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं, जिसमें कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराना और मेडिकल जांच शामिल है। इसके बाद आरोपित को अदालत में पेश किया। यह मामला पश्चिम बंगाल पुलिस से सीबीआई को सौंपा गया है। केंद्रीय एजेंसी ने हत्या और आपराधिक साजिश सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।

इससे पहले आरोपितों मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य (बक्सर, बिहार) तथा राज सिंह (बलिया, उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों का मानना है कि ये सभी कथित तौर पर सुपारी किलर हैं। मंगलवार को ही सीबीआई ने एक अन्य आरोपित राज कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। उसके परिवार ने दावा किया है कि उन्हें उसके किसी भी आपराधिक गतिविधि या सह-आरोपितों से संबंध की जानकारी नहीं है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement