नौतपा की भीषण गर्मी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अपील | The Voice TV

Quote :

"सफलता हमारा परिचय दुनिया से करवाती है, और असफलता हमें दुनिया का परिचय करवाती है।"— कुमार विश्वास

National

नौतपा की भीषण गर्मी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अपील

Date : 27-May-2026

 जयपुर, 27 मई । राजस्थान में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर लोगों से लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान समय में भीषण गर्मी का दौर जारी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सभी नागरिक अपने स्वास्थ्य के साथ परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ व्यक्तियों को गर्मी से सबसे ज्यादा खतरा रहता है, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचने और प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति सेवा, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रही है। ऐसे कठिन समय में समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, छांव और शीतल जल की व्यवस्था करने में नागरिकों से सहभागिता निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक सहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही भीषण गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और दाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जीव मात्र के प्रति करुणा और जिम्मेदारी हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों की मदद करना भी मानवता का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंत में प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करते हुए कहा कि सभी की सजगता, संवेदनशीलता और सहयोग से इस कठिन मौसम का सुरक्षित तरीके से सामना किया जा सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement