धमतरी, 27 मई। नगर पालिक निगम क्षेत्र के सोरिद वार्ड स्थित बागतराई रोड ट्रेंचिंग ग्राउंड में साेमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चारों ओर आग ही आग फैलने से धुआं चारों फैल गया। नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल और निगम सभापति कौशल्या देवांगन मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से आग पर काबू पाने के निर्देश दिए। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही। मौके पर पानी के टैंकरों और आवश्यक संसाधनों की मदद से आग को फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान न हो।
आयुक्त प्रिया गोयल ने स्पष्ट कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक सभी कदम तत्काल उठाए जाएं। वहीं सभापति कौशल्या देवांगन ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आग से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए हर संभव उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घटना के दौरान नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की टीम देर तक मौके पर डटी रही और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे।
अभी भी उड़ रहा धुआं
बागतराई-सोरिद स्थित नगर निगम के ट्रेचिंग ग्राउंड में सोमवार सुबह लगी भीषण आग पर मंगलवार देर शाम तक भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। बुधवार काे भी चारों ओर धुआं उड़ ही रहा है। इससे वार्ड के लोग परेशान हैं। मालूम हो कि पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली आग ने पूरे इलाके को धुएं की चादर में ढक दिया। कचरे के भीतर लगातार सुलगन बनी रहने से निगम, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी रहीं। आग बुझाने के लिए अब तक दो लाख लीटर से अधिक पानी का इस्तेमाल किया जा चुका है, जबकि जेसीबी मशीनों की मदद से कचरे को हटाकर भीतर तक पहुंचने की कोशिश जारी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह ट्रेचिंग ग्राउंड से लगे खेतों में पराली जलाना माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि खेत से उड़ी चिंगारी या जलता तिनका कचरे के ढेर तक पहुंचा, जिससे आग भड़क गई।
