मंत्री इंद्राज ने शाहबाद डेयरी में विकास कार्यों का किया शुभांरभ | The Voice TV

Quote :

"सफलता हमारा परिचय दुनिया से करवाती है, और असफलता हमें दुनिया का परिचय करवाती है।"— कुमार विश्वास

National

मंत्री इंद्राज ने शाहबाद डेयरी में विकास कार्यों का किया शुभांरभ

Date : 27-May-2026

 नई दिल्ली, 27 मई । दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को शाहबाद डेयरी के सी-ब्लॉक, सुनहरी चौक तथा लाला स्कूल रोड, शाहबाद डेयरी, बवाना में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की शुभांरभ किया। उन्होंने बताया कि उक्त विकास कार्य मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत कराए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है।

इंद्राज ने कहा कि शाहबाद डेयरी क्षेत्र में लंबे समय से सड़कों और नालियों की स्थिति अत्यंत खराब थी, जिसके कारण लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बवाना विधानसभा के अंतर्गत सभी क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं तथा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शाहबाद में कोई भी ऐसा ब्लॉक नहीं छोड़ा जाएगा जहां पीने के पानी की समस्या बनी रहे। जिन क्षेत्रों में अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां नई पाइपलाइन डालने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। शाहबाद डेयरी में आम नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है और क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है।

मंत्री इंद्राज ने अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में समयबद्धता और समन्वय सुनिश्चित किया जाए। किसी भी सड़क को खोदने से पहले उसके निर्माण एवं पूर्ण होने की समय-सीमा तय की जाए। विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री इंद्राज ने कहा कि केवल घोषणाएं करना आसान है, लेकिन कथनी और करनी में समानता होना आवश्यक है। सरकार का उद्देश्य दिखावा नहीं बल्कि जनहित में परिणाम आधारित कार्य करना है। बवाना से शाहबाद डेयरी तक आदर्श ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्षा और निकासी का पानी सीधे नालों तक पहुंचे और नालों की नियमित सफाई की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित हो सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement