शीतला मंदिर चोरी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, एसपी ने चाेर काे जल्द पकड़ने के दिए निर्देश | The Voice TV

Quote :

"सफलता हमारा परिचय दुनिया से करवाती है, और असफलता हमें दुनिया का परिचय करवाती है।"— कुमार विश्वास

National

शीतला मंदिर चोरी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, एसपी ने चाेर काे जल्द पकड़ने के दिए निर्देश

Date : 27-May-2026

 धमतरी, 27 मई । कुरुद और भखारा क्षेत्र के शीतला मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।

पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जिलेभर में प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी ने स्पष्ट कहा कि मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में रात्रिकालीन गश्त को और अधिक सक्रिय बनाया जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और निगरानी बदमाशों की लगातार चेकिंग की जाए। पूर्व में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपितों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। जिन निगरानी बदमाशों के फिंगर प्रिंट अब तक नहीं लिए गए हैं, उनके फिंगर प्रिंट नियमानुसार लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर मंदिर समितियों, पुजारियों, स्थानीय नागरिकों और ग्राम कोटवारों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

संवेदनशील मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कराने, जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने साइबर टीम और एफएसएल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पतासाजी तेज करने, संदिग्ध मोबाइल नंबरों और गतिविधियों का विश्लेषण करने तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए। साथ ही थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय रखने और सीमावर्ती क्षेत्रों सहित संदिग्ध आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

बैठक में चोरी की घटनाओं के त्वरित निराकरण, आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, डीएसपी साइबर, एफएसएल अधिकारी सहित सिटी कोतवाली, रूद्री, अर्जुनी-सायबर थाना, भखारा, कुरुद, मगरलोड, बिरेझर एवं करेली बड़ी चौकी के प्रभारी, रीडर और स्टेनो उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement