उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन आज भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे, बूथ रणनीति पर फोकस | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन आज भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे, बूथ रणनीति पर फोकस

Date : 29-May-2026

 देहरादून, 29 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के अपने तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनका यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


आज सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शासकीय आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष की भेंट हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के वसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

इसके बाद देहरादून के राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में सांसदों और विधायकों के साथ बैठक आयोजित होगी। दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ अलग-अलग सत्रों में संगठनात्मक चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही मेयर, नगर निकाय प्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुख के साथ भी संवाद कार्यक्रम तय किया गया है।

शाम 4:50 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष मीडिया से बातचीत करेंगे। इसके बाद वे ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में मां गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। रात्रि में प्रसाद ग्रहण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

भाजपा नेतृत्व इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से अहम मान रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ प्रबंधन, हारे हुए बूथों पर विशेष फोकस और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दे रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला विस्तृत उत्तराखंड दौरा है, जिसमें संगठन समीक्षा सहित कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
 

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement