पंजाब:निकाय चुनाव में आआपा को बढ़त, अकाली दल भी मजबूत | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

पंजाब:निकाय चुनाव में आआपा को बढ़त, अकाली दल भी मजबूत

Date : 29-May-2026

 चंडीगढ़, 29 मई । पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 19 नगर पंचायतों के चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। राज्यभर में बनाए गए 115 काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। हालांकि समाना नगर काउंसिल में मतगणना करीब 35 मिनट की देरी से शुरू हुई। बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने के कारण वोटों की गिनती धीमी गति से चल रही है, जिसके चलते चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना जताई जा रही है।

सुबह 10 बजे तक आए शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी बढ़त बनाए हुए दिखाई दे रही है। अब तक पार्टी 89 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि 78 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार बने हुए हैं, जिन्होंने अब तक 23 सीटों पर जीत हासिल की है और 33 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

वहीं शिरोमणि अकाली दल के 25 उम्मीदवार जीत चुके हैं और पार्टी 23 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस अब तक 16 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भारतीय जनता पार्टी ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि 11 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी भी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार निकाय चुनावों में कुल 80 उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित किए गए थे। इनमें सबसे अधिक 63 उम्मीदवार आम आदमी पार्टी के हैं। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के 9, कांग्रेस का 1 और 7 निर्दलीय उम्मीदवार बिना मुकाबले चुनाव जीत चुके हैं।

राज्यभर के सभी काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर सेंटर के 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बनाया गया है, ताकि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश रोका जा सके। केवल पासधारी उम्मीदवारों और उनके अधिकृत काउंटिंग एजेंटों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई है।

स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग सेंटरों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरी व्यवस्था तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में की गई है। संबंधित जिलों के एसएसपी सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं।

राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि एक राउंड में एक वार्ड के वोटों की गिनती पूरी की जाएगी। प्रत्येक काउंटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां कर्मचारी लगातार मतगणना में जुटे हुए हैं।

इस बार निकाय चुनावों में कुल 7,554 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement