कांस्टेबल भर्ती : आठ जून को होगी चयनित कांस्टेबल अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

National

कांस्टेबल भर्ती : आठ जून को होगी चयनित कांस्टेबल अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच

Date : 04-Jun-2026

 जयपुर, 04 जून । कालीबाई बटालियन आरएसी अलवर एवं पांचवीं बटालियन आरएसी जयपुर में चल रही कांस्टेबल भर्ती-2025 प्रक्रिया के तहत रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल बोर्ड द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण आठ जून को कराया जाएगा।


कमाण्डेंट पांचवीं बटालियन आरएसी जयपुर अनिल कुमार ने बताया कि चयन सूची की द्वितीय समीक्षा के बाद विभिन्न वर्गों में चयनित उन्नीस अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है। इनमें कालीबाई बटालियन आरएसी अलवर के सत्रह तथा पांचवीं बटालियन आरएसी, जयपुर के दो अभ्यर्थी शामिल हैं।

मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं एक फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लेकर आठ जून को प्रातः छह बजे खाली पेट पांचवीं बटालियन आरएसी जयपुर मुख्यालय में उपस्थित हों। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों में से कई उम्मीदवारों द्वारा नियुक्ति में रुचि न दिखाने, अन्य स्थानों पर नियोजन हो जाने, गर्भवती महिलाओं के मामलों, आपराधिक प्रकरणों के कारण अपात्र घोषित होने, खेल कोटा तथा कुछ अन्य प्रशासनिक कारणों से ये पद रिक्त रह गए थे। विभाग द्वारा नियमों के तहत त्वरित रिव्यू कार्यवाही करते हुए प्रतीक्षा सूची से योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर इन रिक्तियों को भरा गया है।

इस अवसर पर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित रहने की अपील की गई है।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement