सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात शिशु सरकार की प्राथमिकता : सुभाष त्रिपाठी | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

National

सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात शिशु सरकार की प्राथमिकता : सुभाष त्रिपाठी

Date : 04-Jun-2026

 बहराइच, 04 जून । जिले के आकांक्षी ब्लॉक हुजूरपुर के सीएचसी में गुरुवार को प्रोजेक्ट मातृ छाया के अन्तर्गत अत्याधुनिक प्रसव एवं मातृ-शिशु देखभाल केन्द्र का भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने फीता काटकर लोकर्पण किया।

यह परियोजना पीएसआई इंडिया और एसबीआई फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से विकसित की गई है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाके में मातृ व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है।

लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि अब हुजूरपुर सीएचसी में गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को भी कारपोरेट हॉस्पिटल जैसी सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात शिशु सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि अत्याधुनिक प्रसव केन्द्र और नवजात शिशु देखभाल इकाई के संचालन से क्षेत्र में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में सहायता मिलेगी।

इस परियोजना के अन्तर्गत हुजूरपुर प्रदेश का पहला ऐसा सीएचसी होगा,जहां अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना की गई है। शुभारम्भ के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ कविता चौधरी ने दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर सेवा को शुरू किया।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई। नवजात शिशुओं के अन्नप्राशन कराया गया। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड का वितरण किया गया। इसके साथ ही टीबी रोगियों को पोषण किट भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ संजय कुमार,सीएचसी अधीक्षक डॉ ए ए श्रीवास्तव, डीएचईआईओ ब्रजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement