ऑस्ट्रेलिया की संसद में गूंजेगा भारत का गौरव: 10 जून को होगा 13वां भारत गौरव अवार्ड समारोह | The Voice TV

Quote :

"जो लोग अपनी सोच नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते।" — जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

National

ऑस्ट्रेलिया की संसद में गूंजेगा भारत का गौरव: 10 जून को होगा 13वां भारत गौरव अवार्ड समारोह

Date : 04-Jun-2026

 जयपुर, 04 जून। भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रतिभाओं के योगदान को सम्मानित करने वाला प्रतिष्ठित भारत गौरव अवार्ड इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया की धरती पर आयोजित होगा। संस्कृति युवा संस्था की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह का 13वां संस्करण आगामी 10 जून 2026 को मेलबर्न स्थित पार्लियामेंट ऑफ विक्टोरिया में आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विश्व की 25 विशिष्ट विभूतियों को भारत गौरव अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि भारत गौरव अवार्ड विश्व भर में रह रहे भारतीयों के लिए एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान बन चुका है। इससे पहले इसका आयोजन ब्रिटिश संसद (लंदन), फ्रांस की सीनेट, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (न्यूयॉर्क) तथा दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किया जा चुका है।

इस समारोह में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, जर्मनी, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, इटली, स्विट्जरलैंड, स्पेन, पोलैंड, थाईलैंड और हांगकांग सहित 18 देशों से भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि और प्रवासी भारतीय भाग लेंगे। आयोजन के माध्यम से वैश्विक भारतीय समुदाय को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक सहयोग, नवाचार, नेतृत्व और भारत के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका पर सार्थक संवाद किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह से जुड़कर प्रवासी भारतीयों और सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं को संबोधित करेंगे।

वहीं कार्यक्रम संयोजक सुनील खेतपालिया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथियों में मेहंदीपुर बालाजी धाम के अध्यक्ष महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज, विक्टोरिया सरकार के पर्यावरण मंत्री स्टीव डिमोपोलोस, विक्टोरियन मल्टीकल्चरल कमीशन की अध्यक्ष विवियन (विव) गुयेन एएम, विक्टोरियन संसद के सांसद मेंग हेंग टाक तथा महाकुंभ के मुख्य सलाहकार राकेश के. शुक्ला शामिल होंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement