जगदलपुर में रोजगार का बड़ा अवसर: जून और जुलाई में लगेंगे दो विशाल रोजगार मेले | The Voice TV

Quote :

"आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और की जिंदगी जीकर बेकार मत करो। - स्टीव जॉब्स "

National

जगदलपुर में रोजगार का बड़ा अवसर: जून और जुलाई में लगेंगे दो विशाल रोजगार मेले

Date : 09-Jun-2026

 जगदलपुर, 09 जून। बस्तर संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर द्वारा जून और जुलाई माह में दो बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जहां निजी क्षेत्र की कंपनियां और संस्थान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में भाग लेने वाले युवाओं और नियोक्ताओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। उपसंचालक रोजगार से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजगार मेला आगामी मंगलवार 16 जून से शुरू होने जा रही हैं, जब क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के पास आड़ावाल स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके ठीक बाद अगले महीने 7 जुलाई को एक बड़े स्तर पर संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन आड़ावाल स्थित लाईवलीहुड कॉलेज में किया जाएगा।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने बस्तर और आसपास के सभी निजी फर्मों, संस्थाओं, कार्यालयों और दुकान संचालकों से सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। ऐसे सभी नियोक्ता जो रोजगार मेले के माध्यम से अपने यहां खाली पड़े पदों को भरना चाहते हैं, वे बेहद आसान तरीकों से अपनी रिक्तियों की जानकारी विभाग को साझा कर सकते हैं। इसके लिए वे छत्तीसगढ़ शासन के आधिकारिक पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर जाकर रोजगार मेला नियोक्ता पंजीयन विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन लॉग-इन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नियोक्ता अपनी आवश्यक जानकारी कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी [email protected] पर भेज सकते हैं या फिर कार्यालयीन समय में स्वयं उपस्थित होकर पत्र के माध्यम से भी विवरण सौंप सकते हैं। रिक्तियों की जानकारी भेजते समय नियोक्ताओं को पदवार खाली सीटों की संख्या, आवश्यक शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता, अनुभव और प्रति माह वेतन का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। विस्तृत जानकारी होने से योग्यता के अनुसार सही और योग्य युवाओं को इन पदों की ओर आकर्षित करने में आसानी होगी। इस पूरे आयोजन और पंजीयन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी प्रकार की पूछताछ या तकनीकी सहायता के लिए कार्यालयीन समय में विभागीय दूरभाष नंबर 07782-264376 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement