गुरुग्राम: जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा | The Voice TV

Quote :

"आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और की जिंदगी जीकर बेकार मत करो। - स्टीव जॉब्स "

National

गुरुग्राम: जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

Date : 09-Jun-2026

 गुरुग्राम, 09 जून । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल अधिकारी आरती उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता में जिले के चारों ब्लॉक्स से कुल 48 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर अपनी क्षमता, संतुलन, लचीलेपन और एकाग्रता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया।

10 से 18 वर्ष गर्ल्स कैटेगरी में जानवी ने प्रथम, आराध्या ने द्वितीय तथा मिस्टी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 10 से 18 वर्ष बॉयज कैटेगरी में महावीर प्रथम, दक्ष द्वितीय तथा अर्जुन तृतीय स्थान पर रहे।

18 से 55 वर्ष महिला वर्ग में भूमि ने प्रथम, अंजली ने द्वितीय तथा संजना ने तृतीय स्थान हासिल किया। 18 से 55 वर्ष पुरुष वर्ग में जीतू प्रथम, जीतन द्वितीय तथा स्वयम तृतीय स्थान पर रहे।

मुख्य अतिथि आरती ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत तथा भावनात्मक रूप से संतुलित रहता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं मूल्यांकन में आयुष विभाग के योग स्पेशलिस्ट डॉ. भूदेव, योग सहायक अजीत कुमार सोलंकी, योग सहायक जोगिंदर, ज्योति और अंजू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा विभाग से नरेश शर्मा, खेल विभाग से आशीष तथा योगासन संगठन से शालू ने भी आयोजन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement