हिमाचल प्रदेश में दिन झुलसा रहे, रातें भी तप रहीं, लू का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

"आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और की जिंदगी जीकर बेकार मत करो। - स्टीव जॉब्स "

National

हिमाचल प्रदेश में दिन झुलसा रहे, रातें भी तप रहीं, लू का अलर्ट

Date : 09-Jun-2026

 शिमला, 09 जून । हिमाचल प्रदेश में गर्मी केवल दिन में ही नहीं, रातों में भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे रात के समय भी गर्मी और उमस का अहसास बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच अब रातें भी सामान्य से अधिक गर्म होने लगी हैं। ऐसे में लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने आज और कल 10 जून के लिए बिलासपुर, ऊना और सोलन जिलों के कुछ क्षेत्रों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले कल सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान के आंकड़े भी गर्म रातों की तस्वीर पेश कर रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में रात का तापमान 27 डिग्री, हमीरपुर के नेरी में 26.2 डिग्री, कांगड़ा जिला के देहरा गोपीपुर में 26 डिग्री, बिलासपुर में 23 डिग्री, शिमला जिला के जुब्बड़हट्टी में 22 डिग्री, कांगड़ा में 21.2 डिग्री, ऊना में 20.6 डिग्री, पालमपुर में 20.4 डिग्री, नाहन में 20.1 डिग्री, सुंदरनगर में 19.8 डिग्री, मंडी में 19.7 डिग्री, धर्मशाला में 19.4 डिग्री, शिमला में 19 डिग्री, बरठीं में 18.4 डिग्री, चंबा में 17.8 डिग्री, सोलन में 17.5 डिग्री, भुंतर में 16.5 डिग्री, सराहन में 16.4 डिग्री, सिओबाग में 16 डिग्री, मनाली में 14.1 डिग्री, भरमौर में 14 डिग्री, कुफरी में 13.7 डिग्री, कल्पा में 10 डिग्री, केलांग में 7.6 डिग्री, ताबो में 7.3 डिग्री और कुकुमसेरी में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम भी रहा। धर्मशाला में तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री, नाहन में 2.7 डिग्री, कांगड़ा में 0.7 डिग्री, चंबा में 1.9 डिग्री, सोलन में 0.2 डिग्री और केलांग में 0.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इसके विपरीत शिमला, मनाली, भुंतर, कल्पा, बिलासपुर, सुंदरनगर और ऊना समेत कई क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 और 12 जून को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम करवट लेगा। इन दोनों दिनों के लिए गरज-चमक, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 13 और 14 जून को भी गरज-चमक तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा। 15 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट वर्षा और बादल छाए रहने का अनुमान है, हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement