खूंटी, 09 जून। विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर खूंटी नगर पंचायत ने सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तजना मुक्ति धाम में सफाई अभियान चलाया। नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा जनप्रतिनिधियों और
ने भी सफाई अभियान में भाग लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी एवं उपाध्यक्ष शशांक शेखर के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में विभिन्न वार्डों के पार्षद अनूप साहू, खालिद हुसैन, कविता वर्मा, दिनेश कुमार, शिखा भगत, हेमंत कुमारी, अनिता टूटी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मुक्तिधाम परिसर में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान के उपरांत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेल, नीम सहित कई उपयोगी एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधों की देखरेख एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत सदस्यों ने कहा कि मुक्तिधाम केवल एक स्थल नहीं, बल्कि वह पवित्र स्थान है जहां हमारे पूर्वजों को अंतिम विश्राम मिलता है। ऐसे स्थानों की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
इस अभियान में नगर पंचायत पदाधिकारी दीप्ति देवप्रिया मिंज, शहरी विकास पदाधिकारी मोहनीश सलाम, प्राण कुमार, सुजल कुमार, श्रवण कुमार, महेश, राजेश, जुबैदा खातून, अंजू देवी, वाणी कुमारी, प्रभात टोप्पो और जगदीश ने भूमिका निभाई।
