चेन्नई के पास महाबलीपुरम में आज राष्ट्रीय मत्स्य पालन दिवस मनाया जा रहा है। केंद्रीय मत्स्यपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ मत्स्यपालन से जुडे स्टार्टअप्स और सहकारी संगठनों की एक प्रदर्शनी के उदघाटन के साथ किया। केंद्रीय मत्स्यपालन राज्यमंत्री डॉ एल. मुरुगन और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालयान भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। तमिलनाडु की मत्स्यपालन मंत्री अनीता राधाकृष्णन भी इस कार्यक्रम में शामिल हुई। मंत्रियों ने प्रदर्शनी में भाग ले रहे लोगों से मुलाकात की। इस अवसर पर मत्स्यपालन से जुड़ी परियोजनाओं का विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुभारंभ किया जायेगा और मंत्रिगण मछली पालक समुदाय के लोगों से बातचीत भी करेंगे। दो दिन के इस समारोह के दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से उठाए गए कदमों का मूल्यांकन किया जाएगा और विभिन्न राज्यों के मत्स्यपालन विभागों के साथ चर्चा भी होगी।
