शिमला, 05 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक जताया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि दुख की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिवार को दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
जयराम ठाकुर ने अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि श्याम शरण नेगी 1951 से लगातार मतदान करते आ रहे थे। उन्होंने आजतक सभी प्रकार के चुनावों में मतदान किया है। उनके निधन के समाचार से आहत हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग उन्हें सम्मानित भी कर चुका है। 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कर उन्होंने बड़ा काम किया। उन्होंने जीवन भर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा स्थित अपने आवास पर श्याम शरण नेगी ने शनिवार सुबह अंतिम सांस ली। उन्होंने हिमाचल विधानसभा विधानसभा चुनाव के लिए 02 नवम्बर को पोस्टल बैलेट से अपने घर पर वोट डाला था।
हिन्दुस्थान समाचार/सुनील