भाजपा का संकल्प पत्र : समान नागरिक संहिता और वक्फ संपत्तियों पर न्यायिक आयोग बनाने का वादा | The Voice TV

Quote :

पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है - अज्ञात

National

भाजपा का संकल्प पत्र : समान नागरिक संहिता और वक्फ संपत्तियों पर न्यायिक आयोग बनाने का वादा

Date : 06-Nov-2022

 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जारी किया संकल्प पत्र

प्रदेश इकाई ने पहली बार मातृ सशक्तिकरण के लिए अलग से 11 संकल्पों का जारी किया पत्र

शिमला, 6 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को यहां हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। नडडा ने भाजपा के इस संकल्प पत्र को घोषणापत्र नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के विकास का हमारा रोडमैप बताया। उन्होंने प्रदेश में भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने और हिमाचल में फिर से पूरी ताकत के साथ कमल खिलाने का दावा किया। राज्य भाजपा इकाई ने पहली बार मातृ सशक्तिकरण के लिए अलग से 11 संकल्पों का पत्र जारी किया है।

इस मौके पर नड्डा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र समाज में समानता लाने के लिए कटिबद्ध है। हम युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण करेंगे और हॉर्टीकल्चर को बढ़ावा देंगे। राज्य में बनने वाली भाजपा सरकार सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएगी और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएगी। हमने अपने संकल्प पत्र में 11 प्रतिबद्धताएं सूचीबद्ध की हैं और मिशन मोड में हम अगले पांच वर्ष में इसे पूरा करेंगे। नड्डा ने कहा कि हम प्रदेश को आगे ले जाना चाहते हैं। कांग्रेस का घोषणापत्र विजन लेस और वजन लैस है। कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर उपस्थित थे।

भाजपा के संकल्प पत्र के मुख्य प्वाइंट 

1. भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। इसके लिए विशेषज्ञों की एक गठित की जायेगी और उनके रिपोर्ट के आधार पर यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड को लागू किया जाएगा।

2. भाजपा सरकार मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि की शुरुआत करेगी, जिसके अंतर्गत छोटे किसानों को सालाना तीन हजार की राशि दी जाएगी, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दिए जा रहे छह हजार के अतिरिक्त होगी। 

3. भाजपा सरकार चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए आठ लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। सरकारी नौकरियों और इकॉनोमिक जोन में ये रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।

4. भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि अगले 5 वर्षों में राज्य के सभी गांवों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पक्की सड़कों यानी ऑल वेदर रोड से जोड़ा जाए। इस पर लगभग पांच हजार करोड़ रुपये का खर्च आयेगा।

5. भाजपा सरकार शक्ति नाम का एक कार्यक्रम शुरू करेगी और 12 हजार का निवेश अगले 10 सालों में करेगी जिसके माध्यम से सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास परिवहन और भौतिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। इन मंदिरों को प्रमुख शहरों से हिम सर्किट के माध्यम से विशेष बसों से जोड़ा जाएगा।

6. भाजपा सरकार सेब पैकेजिंग सामग्री पर किसानों द्वारा जीएसटी भुगतान को 12फीसदी तक सीमित कर देगी। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जीएसटी लागत राज्य सरकार वहन करेगी। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.70 लाख किसानों को फायदा होगा।

7. भाजपा सरकार राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक की संख्या दोगुनी करेगी। इसमें रेगुलर हेल्थ चेकअप की भी सुविधा उपलब्ध होगी।

8. भाजपा सरकार नौ सौ करोड़ रुपये के कोष के साथ स्टार्टअप योजना स्थापित करेगी, जिससे युवाओं के रोजगार सृजन के लिए स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।

9. भाजपा सरकार हुतात्मा सम्मान राशि योजना के अंतर्गत विभिन्न परिस्थितियों में शहीद हुए हुतात्मा सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।

10. भाजपा सरकार कानून के अनुसार वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराएगी और ऐसी संपत्तियों के अवैध उपयोग की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग गठित करेगी।

11. भाजपा सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के वेतन में विसंगतियों को दूर किया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि जब तक मातृ सशक्तिकरण नहीं होता, तब तक परिवार का और आने वाली पीढ़ियों का सशक्तिकरण नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मातृ सशक्तिकरण के लिए मैं प्रदेश की भाजपा इकाई को बधाई और साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने मातृ सशक्तिकरण के लिए अलग से एक संकल्प पत्र जारी करने का निर्णय लिया, जिसे हमने स्त्री शक्ति संकल्प पत्र का नाम दिया है। इसमें भी हमने 11 संकल्प लिए हैं।

1. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार बीपीएल परिवारों की लड़कियों के लिए वित्तीय सहायता को मौजूदा 31 हजार रुपये से 51 हजार रुपये तक बढ़ाकर मुख्यमंत्री शगुन योजना का विस्तार करेगी।

2. भाजपा सरकार छठी से 12वीं कक्षा तक की स्कूल की छात्राओं को साइकिल और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को स्कूटी उपलब्ध कराएगी।

3. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पांच सौ करोड़ रुपये का एक विशेष कोष स्थापित करेगी जिसके माध्यम से महिला उद्यमियों हेतु होमस्टे स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश की भाजपा सरकार महिला स्वयं सहायता समूह को दिए जाने वाले ऋणों की ऊपरी सीमा को बढ़ाकर उन्हें सशक्त बनाएगी और उन्हें दिए जाने वाले ऋण पर लगने वाले ब्याज दर को घटाकर 2 फीसदी करेगी।

4. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार मां और बच्चे के उचित स्वास्थ्य और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए गर्भवती महिलाओं को 25 हजार की सहयोग राशि प्रदान करेगी।

5. भाजपा सरकार एक नई देवी अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से राज्य में गरीब परिवारों की महिलाओं को हर वर्ष तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर प्रदान करेगी।

6. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार अटल पेंशन योजना में गरीब परिवारों की 30 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को सम्मिलित करेगी।

7. भाजपा सरकार सरकारी स्कूलों की 12वीं कक्षा में शीर्ष पांच हजार रैंक वाली छात्राओं को उनके स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान 2500 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति राशि प्रदान करेगी।

8. भाजपा सरकार राज्य के ग्रामीण महिलाओं के लिए उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उनके पशुधन हेतु गुणवत्तापूर्ण चारे की खरीद और वितरण को आसान बनाने के लिए एक प्रणाली स्थापित करेगी।

9. हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार सभी महिलाओं को ऐसी बीमारियों की जांच और इलाज के लिए जो वर्तमान में हिम केयर कार्ड में कवर नहीं है, उसे स्त्री शक्ति कार्ड के माध्यम से कवरेज प्रदान करेगी।

10. भारतीय जनता पार्टी सरकार राज्य के सभी 12 जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावासों का निर्माण करेगी जो कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को समर्पित होगी।

11. भाजपा सरकार राज्य के सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement