कांग्रेस-आप गठबंधन पर भाजपा का निशाना, कहा- सेवादारों के सामने भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

कांग्रेस-आप गठबंधन पर भाजपा का निशाना, कहा- सेवादारों के सामने भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं

Date : 24-Feb-2024

 नई दिल्ली, 24 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली में लोकसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने के फैसले पर निशाना साधते हुए उन्हें भ्रष्टाचारियों का गठबंधन बताया है। भाजपा ने साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों के मत प्रतिशत का ब्योरा हुए कहा कि राजनीति गणित नहीं केमिस्ट्री होती है। भ्रष्टाचारियों की अलग और सेवादारों की अलग केमिस्ट्री होती है। सेवादारों के सामने भ्रष्टाचारियों की केमिस्ट्री चलने वाली नहीं है।

शनिवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ही आम आदमी पार्टी को खड़ा किया है। पार्टी का निशान झाड़ू थामने वाले हाथ दोनों भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। दिल्ली में आप और कांग्रेस का गठबंधन साफ बताता है कि वे सभी सीट हारने वाले हैं। इस गठबंधन से आप पार्टी अपनी हार का ठीकरा फोड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में अकेले भाजपा को करीब 57 प्रतिशत का वोट शेयर मिला था। कांग्रेस को 22.51 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी को 18.11 प्रतिशत वोट शेयर मिला था। दोनों को मिला कर भी भाजपा से ज्यादा वोट नहीं मिले। दिल्ली में लोकसभा की सातों सीटें भाजपा जीतेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2019 बच्चों की कसम खाई थी और कहा था कि वे कभी कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। 2013 में आम आदमी पार्टी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारी पार्टी है और कांग्रेस में सारे के सारे भ्रष्टाचारी हैं। आज 10 साल बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में प्रतियोगिता चल रही है कि कौन ज्यादा भ्रष्टाचारी है।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आप और कांग्रेस दोनों एक दूसरे को यही साबित करने में लगे रहते थे कि कौन सबसे बड़ा चोर है। कौन कितना बड़ा भ्रष्टाचारी है। आज दोनों के बीच गठबंधन बता रहा है कि दोनों चोर चोर मौसेरे भाई हैं। उन्होंने कहा कि आज दोनों दलों को साथ देखकर संतोष हो रहा है। राजनीति का गणित इसके विपरीत होता है। दिल्ली में दोनों दल लोकसभा सीटों के मामले में शून्य पर है। भाजपा को अपने नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। हमने दस सालों में जनता का काम किया है। जनता बहुत समझदार है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement