गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित महाराष्ट्र के 55 मंत्री, सांसद और विधायक शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे। शिंदे सहित महाराष्ट्र के मंत्री, सांसद और विधायक बोरझार हवाई अड्डे से सीधे शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर के लिए रवाना हो गए।
शिंदे के साथ आज महाराष्ट्र के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और उनके परिवार के सदस्यों सहित कुल 178 लोग पहुंचे थे। असम सरकार की वित्त मंत्री अजंत नेउग, मंत्री बिमल बोरा और शिक्षा मंत्री डॉ. रोनोज पेगू ने हवाई अड्डे पर शिंदे गुट का गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सहित सभी नेता सीधे कामाख्या मंदिर पहुंचे और माता कामाख्या का आशीर्वाद लिया।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार से बगावत के दौरान एकनाथ शिंदे ने अपनी सफलता पर माता के दर्शन की मनोकामना मांगी थी। महाराष्ट्र में सरकार बनने के बाद आज उन्होंने अपने सभी मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ गुवाहाटी पहुंचकर मां का आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने कामाख्या धाम में आज विशेष पूजा-अर्चना की। वहीं शिंदे गुट की पूरी टीम होटल रेडिशन ब्लू में ठहरी हुई है। जानकारी के अनुसार रात में मुख्यमंत्री शिंदे की असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से मिलने की भी योजना है।
हिन्दुस्थान समाचार/आलोक/अरविंद
