भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार में विशेष रूप से बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में आज भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भी तेज़ बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और पूर्वी राजस्थान में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और नम बना रहेगा।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।