शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए विटामिन्स से भरपूर संतुलित आहार लेना बेहद जरूरी होता है। अगर किसी एक जरूरी विटामिन की कमी हो जाए, तो उसका असर पूरे शरीर पर पड़ सकता है। धीरे-धीरे रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ने लगती है और शरीर बीमारियों का घर बन जाता है। इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में विटामिन सी की अहम भूमिका होती है। यह शरीर को रोगों से लड़ने में मदद करता है और संक्रमण से बचाव करता है।
अगर शरीर में विटामिन सी की कमी हो जाए तो इसका असर तुरंत दिखने लगता है। बार-बार सर्दी-जुकाम होना, मामूली इंफेक्शन से जल्दी प्रभावित होना, बालों का गिरना, हड्डियों का कमजोर होना और चेहरे पर जल्दी बुढ़ापे के लक्षण दिखना – ये सभी संकेत हो सकते हैं। विटामिन सी की कमी से दांतों और मसूड़ों की सेहत पर भी असर पड़ता है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि इस विटामिन की कमी शरीर की पूरी संरचना को प्रभावित कर सकती है।
शरीर को रोजाना जरूरी मात्रा में विटामिन सी मिल सके, इसके लिए आपको अपनी डाइट में कुछ खास चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए। कई प्राकृतिक स्रोत हैं जो विटामिन सी से भरपूर होते हैं और इनका नियमित सेवन आपकी दैनिक ज़रूरतों को पूरा करने में मदद कर सकता है।
आंवला को विटामिन सी का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है। एक मीडियम आकार का आंवला खाने से शरीर को लगभग 600 से 700 मिलीग्राम विटामिन सी मिलता है। आप इसे जूस, पाउडर, अचार या चटनी के रूप में सेवन कर सकते हैं।
अमरूद भी एक बेहतरीन फल है जिसमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है। एक मीडियम अमरूद खाने से करीब 228 मिलीग्राम विटामिन सी मिल सकता है। अक्सर लोग यह सोचते हैं कि खट्टे फलों में ही विटामिन सी ज्यादा होता है, लेकिन अमरूद इसका बढ़िया उदाहरण है कि ऐसा हमेशा जरूरी नहीं।
कीवी का सेवन भी शरीर में विटामिन सी की पूर्ति के लिए फायदेमंद होता है। एक कीवी में लगभग 92 मिलीग्राम विटामिन सी होता है, जो रोजाना की आवश्यक मात्रा के काफी करीब होता है।
पपीता भी विटामिन सी का अच्छा स्रोत है। एक कप पपीता खाने से लगभग 88 मिलीग्राम विटामिन सी प्राप्त होता है। गर्मियों में पपीता पेट को ठंडक देने के साथ-साथ शरीर को दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी देता है।
संतरा, मौसमी और नींबू जैसे खट्टे फलों को विटामिन सी का पारंपरिक स्रोत माना जाता है। एक संतरा खाने से करीब 70 मिलीग्राम विटामिन सी और 100 ग्राम नींबू से लगभग 50 से 60 मिलीग्राम विटामिन सी मिलता है। इनका जूस भी फायदेमंद होता है।
ध्यान दें कि यह जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी तरह का डाइट परिवर्तन करने या इलाज शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।