सुबह के समय जल्दी तैयार होने वाली डिश की जरूरत होती है। अक्सर लोग बेसन से बना चीला चुनते हैं, लेकिन अगर आप कुछ अलग और पौष्टिक बनाना चाहते हैं तो मक्के के आटे से तैयार यह वेजिटेबल पैनकेक बेहतरीन रहेगा। इसका स्वाद लाजवाब होता है और इसे आप हरी चटनी, टमाटर की सॉस, अचार या रायता के साथ परोस सकते हैं।
जरूरी सामग्री:
- मक्की का आटा – 1 कप
- प्याज – 1 (बारीक कटा)
- टमाटर – 1 (छोटे टुकड़ों में कटा)
- हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच (कटा हुआ)
- नमक – स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- हल्दी – ½ छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- शिमला मिर्च – 2 बड़े चम्मच (बारीक कटी)
- गाजर – 1 (कद्दूकस की हुई)
- जीरा – ½ छोटा चम्मच
- पानी – आवश्यकता अनुसार
- तेल – सेंकने के लिए
बनाने की आसान विधि:
सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में मक्के का आटा डालें। इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और जीरा मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें।
अब इसमें कटा हुआ प्याज, हरा धनिया और अन्य सब्जियां जैसे शिमला मिर्च, टमाटर और गाजर डालें। सारी चीजों को अच्छे से मिलाएं। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए स्मूद घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि मिश्रण न ज्यादा पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा, साथ ही उसमें कोई गुठली न रहे।
अब तवा मध्यम आंच पर गरम करें और हल्का सा तेल लगाएं। एक करछी भरकर घोल तवे पर डालें और गोल आकार में फैला दें। कुछ देर पकने दें, फिर किनारों पर थोड़ा तेल डालकर पलट दें। दूसरी तरफ भी तब तक सेंकें जब तक यह सुनहरा और हल्का कुरकुरा न हो जाए।
इसी तरह बाकी मिश्रण से भी पैनकेक तैयार करें। गरमागरम कॉर्नमील वेजिटेबल पैनकेक को अपनी पसंद की चटनी या दही के साथ परोसें और स्वाद का आनंद लें।
