आज हम आपके लिए एक बेहद खास और स्वाद से भरपूर मिठाई की विधि लेकर आए हैं। रस माधुरी एक ऐसी डिश है जो त्योहारों, पार्टियों और खास मौकों पर खूब पसंद की जाती है। इसका टेक्सचर मुलायम होता है और हर निवाला मुंह में घुल जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का सरल तरीका।
आवश्यक सामग्री
- छेना – 250 ग्राम
- मावा (खोया) – 100 ग्राम
- केसर – थोड़ा सा (पानी में भिगोया हुआ)
- इलायची पाउडर – चुटकी भर
- चीनी – 750 ग्राम
- पानी – 1 लीटर
- रीठा – 4–5 टुकड़े (पानी में भिगोकर रखा हुआ)
- दूध – 2 बड़े चम्मच
- पिस्ता – बारीक कटा हुआ
- चांदी का वर्क – सजावट के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले रीठे को जिस पानी में भिगोया है, उसे छानकर अलग रख लें। अब छेने को मलमल के कपड़े में रखकर अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें। इसके बाद छेने को हथेलियों से अच्छी तरह मसलें और उसमें आधी मात्रा में भीगा हुआ केसर मिला दें। अब छोटे-छोटे बराबर आकार के गोले बनाकर उन्हें हल्का दबाकर टिक्की जैसा आकार दे दें।
अब एक कड़ाही में चीनी, पानी और दूध डालकर उबालें। ऊपर जो मैल या झाग दिखे उसे निकाल दें और लगभग 5 मिनट तक पकने दें। तैयार चाशनी को दो हिस्सों में बांट लें। एक भाग में बचा हुआ केसर मिला दें और अलग रख दें।
दूसरे हिस्से की चाशनी को आंच पर ही रखें और उसमें छना हुआ रीठे का पानी डालें। जब इसमें उबाल आने लगे और बुलबुले दिखें, तब तैयार की हुई छेने की टिक्कियां इसमें डाल दें। इन्हें करीब 10–12 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद इन्हें निकालकर केसर वाली चाशनी में डाल दें और ठंडा होने दें।
अब मावे को कद्दूकस कर लें और धीमी आंच पर हल्का भून लें। इसमें एक चम्मच चाशनी मिलाकर चलाएं। जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तो उसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब चाशनी में भीगी हुई टिक्कियों को निकालकर बीच से हल्का काट लें और अंदर तैयार मावा मिश्रण भर दें। सभी तैयार पीस को सर्विंग प्लेट में सजाएं और ऊपर से थोड़ी सी चाशनी डालें। अंत में चांदी के वर्क और कटे पिस्ते से सजा कर परोसें।
आपकी स्वादिष्ट और मुलायम रस माधुरी तैयार है!
