सुबह की शुरुआत अगर सही हो, तो पूरा दिन ताजगी और ऊर्जा से भरपूर रहता है। आमतौर पर लोग दिन की शुरुआत चाय, कॉफी या गर्म पानी से करते हैं, लेकिन आयुर्वेद के अनुसार सुबह खाली पेट तुलसी जल जैसी हर्बल ड्रिंक का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। यह न केवल शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करता है।
आयुर्वेद में तुलसी को पवित्र होने के साथ-साथ औषधीय गुणों से भरपूर जड़ी-बूटी माना गया है। तुलसी की पत्तियों से तैयार किया गया तुलसी जल एक सरल लेकिन प्रभावी आयुर्वेदिक पेय है, जिसे नियमित रूप से सुबह खाली पेट पीने से शरीर को कई तरह के फायदे मिलते हैं।
तुलसी जल पाचन अग्नि को सक्रिय करता है, जिससे भोजन बेहतर तरीके से पचता है। इसके सेवन से पेट हल्का रहता है और कब्ज, गैस व अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। यह वजन को संतुलित रखने में मदद करता है और दिनभर शरीर में ऊर्जा बनाए रखता है। साथ ही तुलसी जल शरीर को भीतर से डिटॉक्स करने में सहायक होता है, जिससे हानिकारक तत्व बाहर निकलते हैं।
आयुर्वेदाचार्यों के अनुसार तुलसी में एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। इससे सर्दी-जुकाम, खांसी और संक्रमण से बचाव में मदद मिलती है। नियमित सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है और एसिडिटी की समस्या कम होती है, जिससे शरीर संपूर्ण रूप से स्वस्थ रहता है।
इसके अलावा तुलसी जल तनाव को कम करने में सहायक है, त्वचा को निखारता है और शरीर में ताजगी का अहसास कराता है। आयुर्वेद विशेषज्ञ बताते हैं कि यह एक प्राकृतिक उपाय है, जिसे अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल किया जा सकता है।
तुलसी जल बनाने की विधि भी बेहद आसान है। एक गिलास पानी में 10 से 15 ताजी तुलसी की पत्तियां डालें। इसे रातभर भिगोकर रखें या सुबह 5–10 मिनट तक उबाल लें। पानी ठंडा होने पर छानकर पी लें। स्वाद के लिए चाहें तो थोड़ा शहद या नींबू मिला सकते हैं, हालांकि सादा तुलसी जल अधिक लाभकारी माना जाता है। इसे खाली पेट पीने से बेहतर परिणाम मिलते हैं।
भागदौड़ भरी जीवनशैली में तुलसी जल जैसा सरल आयुर्वेदिक उपाय अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। फिर भी, किसी भी घरेलू नुस्खे को नियमित रूप से अपनाने से पहले वैद्य या विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित रहता है।
