कंबोडिया-थाईलैंड सीमा पर बढ़ा तनाव: संघर्ष क्षेत्रों में सभी उड़ानों पर प्रतिबंध | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

International

कंबोडिया-थाईलैंड सीमा पर बढ़ा तनाव: संघर्ष क्षेत्रों में सभी उड़ानों पर प्रतिबंध

Date : 27-Jul-2025

कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ जारी सीमा संघर्ष को देखते हुए संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में सभी उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। कंबोडिया के नागरिक उड्डयन राज्य सचिवालय (SSCA) के राज्य सचिव सिन चांसेरी वुथा ने बताया कि सभी एयरलाइनों को थाईलैंड से सटे संघर्ष क्षेत्रों के ऊपर उड़ान न भरने का निर्देश दिया गया है। यह प्रतिबंध पोइपेट शहर, पैलिन प्रांत और सिएम रीप प्रांत के कुछ हिस्सों तक लागू रहेगा।

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर कई स्थानों पर लगातार झड़पें हो रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कंबोडियाई सेना भारी हथियारों, फील्ड आर्टिलरी और रॉकेट प्रणालियों का इस्तेमाल करते हुए बमबारी कर रही है। जवाब में थाई सेना ने भी सामरिक प्रतिक्रिया के तहत गोलाबारी की और स्थानीय नागरिकों को इन क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी दी है।

हालांकि कंबोडिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल युद्धविराम की अपील की है, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव कम नहीं हुआ है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन और आक्रामक कार्रवाई के आरोप लगा रहे हैं। थाई सेना ने कंबोडियाई सैनिकों पर थाई क्षेत्र में एंटी-पर्सनल माइंस (बारूदी सुरंगें) बिछाने का गंभीर आरोप भी लगाया है।

थाई मीडिया के अनुसार, थाई सेना ने 26 देशों को पत्र भेजकर सीमा पर उत्पन्न स्थिति से अवगत कराया है। थाई लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार को हुई झड़पों में 14 थाई नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 46 अन्य घायल हुए हैं। दूसरी ओर, कंबोडिया के रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि इन झड़पों में कम से कम 13 कंबोडियाई नागरिक मारे गए और 71 घायल हुए हैं।

सीमा पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस संकट पर बनी हुई है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement