पीएम उम्मीदवार बालेन शाह से नेपाल निर्वाचन आयोग ने दूसरी बार मांगा जवाब | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

पीएम उम्मीदवार बालेन शाह से नेपाल निर्वाचन आयोग ने दूसरी बार मांगा जवाब

Date : 02-Feb-2026

 काठमांडू, 02 फ़रवरी। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और झापा–5 के उम्मीदवार बालेन्द्र शाह (बालेन) से निर्वाचन आयोग ने दूसरी बार स्पष्टीकरण मांगा है। आयोग ने शाह से तीन दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है।

आयोग के अनुसार सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा बालेन के पक्ष में वोट मांगने से संबंधित सामग्री प्राप्त होने के कारण दूसरी बार स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान शाह की पत्नी के साथ सादे कपड़ों में पुलिस तैनात किए जाने के संबंध में क्या और कैसे हुआ, इस बारे में भी आयोग ने स्पष्टीकरण मांगा है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में अन्य नौ लोगों से भी स्पष्टीकरण मांगा है।

आयोग के सहायक प्रवक्ता कुलबहादुर जिसी के अनुसार बाजुरा में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार हेमराज थापा के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में आरोप है कि पीएस बानियां जेवी द्वारा ठेके पर लिए गए मार्तडी–कोल्टी सड़क निर्माण परियोजना के मुद्दे को जोड़ते हुए थापा ने बागमती प्रदेश के मुख्यमंत्री इन्द्रबहादुर बानियां को निशाना बनाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में अपमानजनक और धमकीपूर्ण भाषा का प्रयोग किया, साथ ही इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया।

इसी आधार पर उम्मीदवार थापा से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि क्या उन्होंने बागमती प्रदेश के मुख्यमंत्री बानियां के खिलाफ अपमानजनक, धमकीपूर्ण और अपशब्दयुक्त अभिव्यक्ति दी है या नहीं। इसके अलावा शिकायत में उल्लेख के अनुसार आर्थिक संसाधन एकत्र करते समय उन्होंने निर्वाचन आचार संहिता, 2025 के प्रावधानों का पालन किया है या नहीं, इस पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

प्रवक्ता जिसी ने बताया कि निर्वाचन आचार संहिता, 2025 की धारा 21 के खंड (च) तथा धारा 25 की उपधारा (1) के खंड (च) और (ज) के तहत बाजुरा के उम्मीदवार थापा से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। चुनाव उम्मीदवारों को लक्षित भ्रामक और अमर्यादित संदेशों के प्रकाशन व प्रसारण से जुड़े विभिन्न व्यक्तियों और संचार माध्यमों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आयोग ने प्रेस काउंसिल नेपाल को पत्र भी भेजा है।

इसके अलावा, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। आरोप है कि पार्टी ने निर्वाचन आचार संहिता के प्रतिकूल प्रतिनिधि सभा सदस्य सिंधुपालचोक जिला निर्वाचन क्षेत्र संख्या–1 के निर्वाचन कार्यालय के बाहर अपने दल का चुनाव चिह्न पेंट कर दिया।

शिकायत में उल्लिखित घटनाक्रम के संबंध में क्या और कैसे हुआ, इस पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत दल का चुनाव चिह्न प्रदर्शित किया गया होना प्रमाणित होता है, तो संबंधित दल की जिला कार्य समिति के खिलाफ प्रचलित निर्वाचन कानून के अनुसार कार्रवाई क्यों न की जाए—इस विषय पर भी आयोग ने उसी क्षेत्र के उम्मीदवार माधव सापकोटा से स्पष्टीकरण मांगा है।

इसी तरह आयोग ने रुद्र गिरी, मंगल प्रजा और अशोक टमानी से भी स्पष्टीकरण मांगा है। प्रवक्ता जिसी के अनुसार अब तक आयोग द्वारा मांगे गए कुल 29 स्पष्टीकरणों में से 14 के जवाब प्राप्त हो चुके हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement