अमेरिका के मिशिगन में टेंपल इजराइल पर हमला, गोलीबारी में संदिग्ध की मौत | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

अमेरिका के मिशिगन में टेंपल इजराइल पर हमला, गोलीबारी में संदिग्ध की मौत

Date : 13-Mar-2026

 वाशिंगटन, 13 मार्च । संयुक्त राज्य अमेरिका के मिशिगन राज्य के वेस्ट ब्लूमफील्ड स्थित टेंपल इजराइल में गुरुवार दोपहर किए गए हमले के दौरान हुई गोलीबारी में एक संदिग्ध की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आराधनालय (सिनेगॉग) के अंदर कोई हताहत नहीं हुआ। ओकलैंड काउंटी शेरिफ माइकल बूचार्ड ने इस घटना की पुष्टि की है।

सीबीएस न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, ओकलैंड काउंटी शेरिफ माइकल बूचार्ड ने कहा कि गुरुवार दोपहर करीब 1:35 बजे पुलिस ने डेट्रॉइट के उत्तर-पश्चिम के उपनगर वेस्ट ब्लूमफील्ड में टेंपल इजराइल के इलाके में गोलीबारी की सूचना मिलते ही कार्रवाई की। बूचार्ड ने कहा कि एक व्यक्ति भवन के मुख्य द्वार से होकर एक हॉल-वे में घुसा। सुरक्षाकर्मचारियों ने उस संदिग्ध पर गोलियां चला दीं।

लॉ एनफोर्समेंट सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध ट्रक से राइफल लेकर निकला और सिनेगॉग सिक्योरिटी ने उसका सामना किया और उसे मार गिराया। लेकिन, बूचार्ड ने कहा कि संदिग्ध गाड़ी में मृत मिला। बूचार्ड ने कहा, "ऐसे हालात में कभी-कभी हमलावर या संदिग्ध कभी-कभी खुद को मार लेते हैं।"

अमेरिका के यहूदी संस्थानों को सुरक्षा मुहैया कराने वाले सिक्योर कम्युनिटी नेटवर्क के मुताबिक, ट्रक में दो संदिग्ध थे। हालांकि बूचार्ड ने कहा कि पता चला है कि सिर्फ एक ही संदिग्ध था। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रक में मोर्टार जैसे एक्सप्लोसिव थे। इनके बिल्डिंग से टकराने पर आग लग गई और कुछ ही देर में धुआं उठने लगा। इस गोलीबारी में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हेनरी फोर्ड वेस्ट ब्लूमफील्ड हॉस्पिटल और हेनरी फोर्ड प्रोविडेंस नोवी हॉस्पिटल ने कहा कि घटनास्थल पर घायल मिले आठ सुरक्षाकर्मचारियों का इलाज किया जा रहा है। ब्लूमफील्ड पुलिस ने दोपहर करीब 3:30 बजे कहा कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब यहूदी समुदाय को कोई खतरा नहीं है। संदिग्ध की शव की पहचान करना मुश्किल है।

टेंपल इजराइल अमेरिका का सबसे बड़ा आराधनालय है। इस परिसर में एक स्कूल भी है। सिनेगॉग ने कहा कि गुरुवार को स्कूल में 140 विद्यार्थी और शिक्षक थे। वे सभी सुरक्षित हैं। मिशिगन के गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने हमले को "हर समुदाय के लिए सबसे बुरा सपना" कहा। व्हिटमर ने कहा कि मिशिगन में यहूदी-विरोधी भावना और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।" राष्ट्रपति ट्रंप ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हम हमले की तह तक जाएंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement