खाड़ी देशों में रहने वाले 65 हजार से अधिक नेपाली ने वापसी के लिए पंजीकरण कराया | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

खाड़ी देशों में रहने वाले 65 हजार से अधिक नेपाली ने वापसी के लिए पंजीकरण कराया

Date : 12-Mar-2026

 काठमांडू, 12 मार्च । पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संघर्ष के बीच नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है, जिस पर अब तक कुल 65,886 नेपाली नागरिकों ने वतन वापसी के लिए पंजीकरण कराया है। नेपाली कूटनीतिक मिशन सरकार के साथ समन्वय कर नेपाली नागरिकों की सुरक्षा और वापसी सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।

नेपाल सरकार ने यह ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली खाड़ी देशों में नेपाली दूतावासों के समन्वय में 2 मार्च को शुरू की थी। इसका उद्देश्य क्षेत्र में रह रहे नेपाली नागरिकों की जानकारी एकत्र करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें वापस लाया जा सके। मंत्रालय के अनुसार प्राप्त विवरणों का फिलहाल आकलन और प्रसंस्करण किया जा रहा है, ताकि आगे आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इस पोर्टल के माध्यम से नेपाली नागरिक पश्चिम एशियाई देशों में स्थित संबंधित नेपाली दूतावासों के जरिए अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर पौडेल के अनुसार नेपाली मिशनों को निर्देश दिया गया है कि वे ई-मेल, टेलीफोन या अन्य संचार माध्यमों के जरिए कठिनाई झेल रहे नागरिकों के संपर्क में रहें। मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में रह रहे नेपाली नागरिकों से वर्तमान संकट के दौरान धैर्य बनाए रखने और स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करने वाले फोटो, वीडियो या ऑडियो सामग्री को रिकॉर्ड या प्रसारित करने से बचने की भी अपील की है।

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। इससे वहां रह रहे और काम कर रहे हजारों नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement