इंफाल (मणिपुर), 12 मार्च । उखरुल ज़िले के शांगकाई गांव में एक हथियारबंद गुट द्वारा कथित तौर पर बंधक बनाए गए 20 नागरिकों को, इलाके में कई घंटों के तनाव के बाद गुरुवार सुबह सुरक्षित रिहा कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, उखरुल के इन बंधक यात्रियों को बचाया गया और सुबह करीब 4 बजे लिटान पुलिस स्टेशन में तांगखुल नागरिक समाज संगठनों को सौंप दिया गया। रिहाई के बाद, उन्होंने उखरुल के लिए अपनी वापसी की यात्रा शुरू कर दी।
इस घटना ने उखरुल जिले के कुछ हिस्सों में तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी। बीते बुधवार को एक हथियारबंद गुट द्वारा कथित तौर पर लगभग 20 नागरिकों को बंधक बना लिया गया था। इस घटना के बाद, तांगखुल नागा लोंग (टीएनएल) जो एक प्रमुख नागा नागरिक संस्था है, ने राज्य और केंद्र सरकारों को दो घंटे का अल्टीमेटम जारी करते हुए नागरिकों को तत्काल बचाने की मांग की थी।
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह ने भी मानवीय आधार पर बंधकों की सुरक्षित रिहाई की अपील की थी। सूत्रों ने पुष्टि की कि नागरिकों को गुरुवार सुबह रिहा कर दिया गया, जिससे उनके परिवारों को राहत मिली और जिले में तनावपूर्ण स्थिति शांत हुई।
बावजूद जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हिंसा की घटनाएं आए दिन राज्य के किसी न किसी हिस्से में देखने को मिल रही है। राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद एक ऐसा धड़ा है जो राज्य में शांति व्यवस्था को कायम नहीं होने देना चाहता है।
लोगों का कहना है कि कुछ धार्मिक एवं उग्रवादी संगठन राज्य की शांति व्यवस्था के लिए एक बड़ा खतरा बन गये हैं। ऐसे तत्व अपनी महत्वाकांक्षा के लिए युवाओं को बरगलाकर माहौल को खराब करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
