इंफाल, 12 मार्च । मणिपुर के विभिन्न हिंसा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चलाते हुए विभिन्न उग्रवादी संगठनों के कैडरों को गिरफ्तार कर रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान क्रांतिकारी जन मोर्चा (आरपीएफ)/ पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), कांगलीपाक पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी-प्रगतिशील (प्रीपाक-प्रो) के कुल तीन कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस द्वारा गुरुवार काे दी गयी सूचना के अनुसार बीते बुधवार को सुरक्षा बलों ने प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर को इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थानांतर्गत क्वाकेइथेल लामडोंग लीकाई में किराए के घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कैडर की पहचान बिष्णुपुर जिले के कुम्बी बाज़ार निवासी नोंगमैथेम चिंगम्बा मैतेई उर्फ थोई (24) के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन, एक पेन ड्राइव, एक बटुआ जिसमें ₹50 नकद और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।
वहीं दूसरे अभियान में मणिपुर पुलिस ने केसीपी नोंगद्रेनखोंबा के एक सक्रिय कैडर को बिष्णुपुर जिले के नामबोल थानांतर्गत चानुरा बाज़ार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कैडर की पहचान इंफाल पूर्व जिले के पांगेई, सरौथेल निवासी नओरेम याइफाबा सिंह उर्फ केइफा (20) के रूप में हुई है।
तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएल के एक सक्रिय कैडर को उसके वर्तमान निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान असम के सिलचर बांसकांडी निवासी (वर्तमान में काकचिंग जिले के वाबागई काडाजित मानिंग लीकाई में रह रहे) कोइजम सनातोंबा सिंह (39) के रूप में हुई है।
उसके पास से चार .303 राउंड, नौ खाली खोखे, एक जोड़ी टैक्टिकल जूते, एक मफलर स्कार्फ, एक पी-कैप जिस पर एमपी कमांडो लिखा है, एक कैमोफ्लेज मफलर स्कार्फ, एक टैक्टिकल बेल्ट और एक मोबाइल फ़ोन बरामद किया गया।
ज्ञात हो कि, सुरक्षा बल विभिन्न जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्रीय प्रभुत्व जारी रखे हुए हैं। मणिपुर के अलग-अलग जिलों में बुधवार को कुल 116 नाके एवं चेक पोस्ट लगाए गए थे, जो पहाड़ों और घाटियों दोनों में थे, लेकिन किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले 259 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं और वाहनों की मुक्त और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील मार्गों में सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया गया है।
