शिमला, 11 मार्च (हि.स.। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कविन्द्र गुप्ता द्वारा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पद का कार्यभार ग्रहण करने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने उन्हें बधाई देते हुए हिमाचल प्रदेश में उनका स्वागत किया।
शांता कुमार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उनका सौभाग्य रहा है कि उन्होंने कई वर्ष पहले कविन्द्र गुप्ता के साथ काम किया है। वे लंबे समय से उन्हें जानते हैं। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले पार्टी की ओर से उन्हें जम्मू का प्रभारी नियुक्त किया गया था और वे कई वर्षों तक इस पद पर रहे।
उन्होंने कहा कि उस समय कविन्द्र गुप्ता ने अपने परिश्रम और लगन से पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बनाई और आज वे इतने ऊंचे पद तक पहुंचे हैं।
कविन्द्र गुप्ता के हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनने पर शांता कुमार ने व्यक्तिगत रूप से भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनसे मुलाकात कर उन्हें और अधिक प्रसन्नता होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल के रूप में कविन्द्र गुप्ता हिमाचल प्रदेश के विकास और प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
