लखनऊ, 11 मार्च । श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में 19 मार्च को हो रहे वर्ष प्रतिपदा समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अलावा अमृतानंदमयी मां व भारतीय जैन धर्मस्थल मंदिर के धर्माधिकारी वीरेन्द्र हेगड़े शामिल होंगे। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के द्वितीय तल के गर्भगृह में श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी।
वर्ष प्रतिपदा के दिन होने वाले समारोह में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज, जगद्गुरू शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, जगद्गुरू मध्वाचार्य विश्वप्रसन्न तीर्थ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु निमंत्रित जनों को संबोधित भी करेंगी। मंदिर परिसर से राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद निमंत्रित जन राम मंदिर का दर्शन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त व क्षेत्र के पदाधिकारी अयोध्या पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रस्ट की ओर से विशिष्ट महानुभाओं को आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरूवार को अयोध्या पहुंच कर राष्ट्रपति के आगमन से पहले तैयारियों का जायजा लेंगे।
