सीतापुर, 12 मार्च । जब बेटी की डोली उठती है तो हर मां-बाप की आंखें नम हो जाती हैं, लेकिन आर्थिक तंगी कई बार इस खुशियों के पल को चिंता में बदल देती है। ऐसे ही एक परिवार की चिंता को दूर करते हुए राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना ने जनपद सीतापुर में गुरुवार काे अपनी कन्यादान योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बिटिया कीर्ति का विवाह धूमधाम के साथ सम्पन्न कराया।
सीतापुर शहर के कबिला रिजॉर्ट में गुरुवार काे दिन में आयोजित इस विवाह समारोह में बिटिया कीर्ति और वर अरुण का विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। दाेनाें परिवार सीतापुर के गांजर क्षेत्र के निवासी हैं। इस मौके पर परिवार के साथ-साथ संगठन के पदाधिकारी और समाज के लोग भी भावुक हो उठे। संगठन ने बिटिया को उपहार के रूप में घरेलू उपयोग के आवश्यक सामान भी प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू ने बताया कि कन्यादान योजना का उद्देश्य उन जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देना है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी जिम्मेदारी निभाने में कठिनाई महसूस करते हैं। नवविवाहित दंपति को नैमिषारण्य धाम के व्यासपीठाधीश्वर अनिल शास्त्री का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में कबिला रिजॉर्ट के मालिक रचित अग्रवाल, समाजसेवी अमित बाजपेई ‘मीतू’ , विकास शुक्ला, नितेश, नीरज, लवकुश, पुनीत और शुभम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
