नई दिल्ली, 08 अगस्त। संसद के दोनों सदनों में शुक्रवार को विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज बाधित रहा। आज दोनों सदनों में भारत छोड़ो आंदोलन की जयंती पर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। लोकसभा में सदन के पूर्व सदस्य सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
लोकसभा में कार्यवाही पहले सुबह 12 बजे और बाद में 3 बजे तक के लिए स्थगित की गई। 3 बजे कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयकर विधेयक 2025 को सदन की अनुमति से वापस ले लिया। इस दौरान एक बार फिर संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्षी सांसदों से कामकाज को सुचारू रूप से चलने देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार का दिन प्राइवेट मेंबर का होता है और विपक्ष उन्हें भी समय नहीं देना चाहता। इसके बाद कृष्णा प्रसाद तिन्नटी ने कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया।
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर शुक्रवार को विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया। इसके चलते एक बार स्थगन के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
