खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मंडाविया ने आज कहा कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान देशभर में 40 हजार से अधिक स्थानों पर सात लाख से अधिक प्रतिभागियों तक पहुंच चुका है।
मंत्री महोदय ने यह बात राष्ट्रीय राजधानी में 'संडे ऑन साइकिल फिट इंडिया' कार्यक्रम में भाग लेते हुए कही। इस दौरान श्री मंडाविया ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ 35वीं फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश भर के 50 हज़ार से ज़्यादा गाँवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लेकर ग्रामीण भारत में फिट इंडिया का संदेश फैलाया है।
श्री मंडाविया ने बताया कि फिट इंडिया मिशन, रविवार को साइकिल चलाने के रूप में, देश में एक बड़े आंदोलन के रूप में उभरा है। उन्होंने साइकिल चलाने के विविध लाभों पर ज़ोर दिया, जो व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हैं। इसके अलावा, उन्होंने साइकिल चलाने को फिट रहने और प्रदूषण की समस्या का समाधान करने का एक उपाय बताया।
मंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे न केवल रविवार को बल्कि दैनिक जीवन के एक हिस्से के रूप में भी साइकिल चलाना अपनाएं, ताकि फिट इंडिया का संदेश फैलाते हुए इसे परिवहन का एक लोकप्रिय साधन बनाया जा सके।
