प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए नवनिर्मित 184 टाइप-VII बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री आवास परिसर में सिंदूर का एक पौधा भी लगाएंगे। वे श्रमजीवियों से बातचीत भी करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, आवासीय परिसर को आत्मनिर्भर बनाया गया है और यह सांसदों की कार्यात्मक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ सुविधाएँ शामिल हैं जो ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन में योगदान देती हैं।
यह परिसर दिव्यांगजनों के लिए भी अनुकूल है, जो समावेशी डिज़ाइन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रत्येक आवासीय इकाई में लगभग पाँच हज़ार वर्ग फुट का कारपेट एरिया है, जो आवासीय और आधिकारिक दोनों कार्यों के लिए पर्याप्त जगह प्रदान करता है। सांसदों को जन प्रतिनिधि के रूप में अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा करने में सहायता प्रदान करने के लिए कार्यालयों, कर्मचारियों के आवास और एक सामुदायिक केंद्र के लिए समर्पित क्षेत्र शामिल किए गए हैं।
परिसर के सभी भवनों का निर्माण आधुनिक संरचनात्मक डिज़ाइन मानदंडों के अनुसार भूकंपरोधी बनाया गया है। सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक और मज़बूत सुरक्षा प्रणाली लागू की गई है।
