‘ऑल इंडिया स्पीकर्स कांफ्रेंस’ का 24 को गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

‘ऑल इंडिया स्पीकर्स कांफ्रेंस’ का 24 को गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

Date : 11-Aug-2025

नई दिल्ली, 11 अगस्त। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को बताया कि 24 एवं 25 अगस्त को विधानसभा के ऐतिहासिक भवन में ‘ऑल इंडिया स्पीकर्स कांफ्रेंस’ का आयोजन होगा। स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे और समापन सत्र की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। विशेष स्मारक डाक टिकट का लोकार्पण केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि यह कार्यक्रम देश के पहले निर्वाचित केंद्रीय विधानसभा अध्यक्ष विट्ठलभाई पटेल की अध्यक्षता के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके जीवन, संसदीय योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर आधारित भव्य प्रदर्शनी, विशेष डॉक्यूमेंट्री और स्मारक डाक टिकट का लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस के मुख्य वक्ता राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह होंगे।

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में देशभर से 32 विधानसभाओं और विधान परिषदों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति और उपसभापति शामिल होंगे। राज्य अतिथियों के स्वागत और प्रोटोकॉल के लिए दिल्ली सरकार ने 125 अधिकारियों की नियुक्ति की है। सभी राज्यों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को ‘स्टेट गेस्ट’ का दर्जा मिलेगा।

सम्मेलन में चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिनमें विट्ठलभाई पटेल की संविधान और संसदीय संस्थाओं के निर्माण में भूमिका, स्वतंत्रता-पूर्व केंद्रीय विधानसभा के नेताओं का स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक सुधारों में योगदान, शासन में पारदर्शिता और जनविश्वास के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका, तथा भारत – लोकतंत्र की जननी शामिल है। ये सत्र भारत की संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और आधुनिक शासन में तकनीक की प्रासंगिकता पर गहन चर्चा का अवसर प्रदान करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस मौके पर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विट्ठलभाई पटेल के अभिलेखीय दस्तावेज, फोटोग्राफ और सदन की ऐतिहासिक कार्यवाही के रिकॉर्ड प्रदर्शित होंगे। इनमें वह दिन भी दर्ज है जब शहीद भगत सिंह ने विधानसभा में बम फेंका था। डॉक्यूमेंट्री में महात्मा गांधी के सदन में तीन ऐतिहासिक आगमन, साइमन कमीशन के विरुद्ध विरोध और पटेल के अध्यक्ष पद संभालने के क्षण भी दिखाए जाएंगे।

अतिथियों के लिए विशेष रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 23 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा स्वागत रात्रिभोज, 24 अगस्त को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष द्वारा रात्रिभोज और 25 अगस्त को राज निवास में उपराज्यपाल द्वारा रात्रिभोज शामिल हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement