एक बटन दबाकर देशभर के किसानों को 3200 करोड़ फसल बीमा क्लेम का भुगतान किया गया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

एक बटन दबाकर देशभर के किसानों को 3200 करोड़ फसल बीमा क्लेम का भुगतान किया गया

Date : 11-Aug-2025



झुंझुनू, 11 अगस्त। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के किसानों के लिए अभूतपूर्व काम हो रहे हैं। भाजपा सरकार में किसानों को उनकी फसलों का सबसे ज्यादा दाम मिल रहा है। कांग्रेस के शासनकाल में किसान असहाय महसूस करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। किसानों को घर बैठे उनके बैंक खातों में सीधे पैसे मिल रहे हैं। किसान निधि के तहत मिलने वाले छह हजार रूपये को बढ़ाकर 12 हजार करने का वादा किया गया था, जिसमें से 9 हजार कर दिए गए हैं और बाकी 3 हजार रूपये भी जल्द ही दिए जाएंगे।

झुंझुनू हवाई पट्टी पर आयोजित समारोह में उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ बटन दबाकर देशभर के किसानों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3200 करोड़ रूपए की बीमा क्लेम राशि जारी की। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भारत के हिस्से का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को दे दिया था, जिससे राजस्थान जैसे राज्यों को सूखा झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता में आने के बाद कहा कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते और सिंधु समझौते को रद्द कर दिया। कांग्रेस के समय आतंकवादी बेखौफ घूमते थे। लेकिन अब मोदी सरकार में आतंकवादियों को दुनिया के दूसरे छोर तक भी पीछा करके सजा दी जाती है। मोदी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झुंझुनू से देशभर के किसानों के खातों में भी यह राशि ट्रांसफर की गई हैं। जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत मिल सकेगी। समारोह में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। राज्य सरकार के कार्यकाल में (जुलाई 2025 तक) प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अब तक कुल 148 लाख पात्र पॉलिसीधारक किसानों को 3,912.53 करोड़ रुपए के फसल बीमा क्लेम का भुगतान किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसानों के लिए 1200 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की गई है। किसान देश की आत्मा, गौरव और सम्मान हैं। जो अपनी मेहनत से करोड़ों लोगों का पेट भरते हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा किसानों की उपेक्षा की है। उन्होंने गरीबी हटाओ के नारे को वोट बटोरने का एक साधन बताया। 40 साल तक कांग्रेस के नेताओं ने यमुना का पानी लाने के केवल वादे किए लेकिन कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने हमेशा जनता को ठगने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता हुआ है। जिसकी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार हो रही है। इसके लिए एक टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है। आने वाले समय में शेखावाटी के लोगों को यमुना का पानी जरूर मिलेगा।

इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, केन्द्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद हैं। झुंझुनू में आयोजित किसानों के लिए विशेष कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एक अनूठे तरीके से किया गया। पारंपरिक फूलों के बुके के बजाय बाजरे की बालियों से बने बुके भेंट किए गए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement