देशभर के मठ मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त कराने के लिए विहिप सात सितम्बर से अभियान चलाने की तैयारी में | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

देशभर के मठ मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त कराने के लिए विहिप सात सितम्बर से अभियान चलाने की तैयारी में

Date : 11-Aug-2025

वाराणसी, 11 अगस्त। देशभर के मठ-मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त कराने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) आगामी 07 सितम्बर से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत विहिप के प्रतिनिधि विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मिलकर मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने की मांग रखेंगे। साथ ही, हर महानगर में प्रबुद्ध जनों की सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। इसी अभियान को गति देने के उद्देश्य से विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार इन दिनों उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी के पांच दिवसीय प्रवास पर हैं। काशी प्रवास में उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, बाबा काल भैरव, माता अन्नपूर्णा सहित कई पवित्र स्थलों पर दर्शन किए और संतों से मुलाकात कर अभियान के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

सोमवार को उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन, संत कबीरदास की जन्मस्थली, प्रयागराज किन्नर अखाड़ा, सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार, श्रीलंका जम्बूद्वीप बौद्धिष्ट एसोसिएशन, बज्र विद्या केंद्र, तिब्बती विश्वविद्यालय, स्वर्वेद मंदिर, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी, उदासीन पंचायती अखाड़ा, गढ़वा घाट मठ, तथा धर्मसंघ दुर्गाकुंड जैसे स्थलों पर जाकर संतों से आर्शीवाद लेकर समर्थन मांगा। परिषद के प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख ने यह जानकारी विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक पिछले माह राजस्थान में संपन्न हुई। जिसमें हिंदू समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में यह तय हुआ कि देशभर में मठ-मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के पहले चरण (7 से 21 सितम्बर) के दौरान राज्यों के मुख्यमंत्री से हिंदू समाज के प्रतिनिधि मंडल भेंट करेंगे और मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने का विषय उनके समक्ष रखेंगे। साथ ही प्रत्येक महानगर में प्रबुद्ध जनों की सभाएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित हुआ कि इसके दूसरे चरण में, देश की सभी बड़ी विधानसभाओं में सत्र के दौरान विधायकों से भेंट की जाएगी। उनसे अनुरोध किया जाएगा कि वे अपने-अपने राज्यों की सरकारों पर दबाव डालें और मठ-मंदिरों को सरकारी अधिग्रहण से मुक्त कराने की दिशा में ठोस कदम उठाएं। बैठक में यह भी तय हुआ कि लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भी विशेष जागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें संतों का मार्गदर्शन लिया जाएगा ताकि हिंदू समाज को संगठित और जागरूक किया जा सके। इन्हीं प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष पांच दिवसीय काशी प्रांत प्रवास पर हैं।

संतों से मुलाकात के दौरान उपस्थित रहे प्रमुख पदाधिकारी

इस दौरान विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र, क्षेत्र धर्माचार्य संपर्क प्रमुख जितेन्द्र, प्रांत संगठन मंत्री नितिन, प्रांत सह मंत्री सत्यप्रकाश सिंह, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख आद्या शंकर मिश्र, शशिभूषण त्रिपाठी, आनंद पांडेय, कन्हैया सिंह, राजेश मिश्रा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement