रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया जिसमें उन्होंने महासमुंद जिले के दुर्गपाली में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 251 सिंदूर के पेड़ लगाने और इसके गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने की जानकारी दी। विधायक मिश्रा ने बताया कि दुर्गापाली गांव में पहलगाम के शहीदों और ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 251 सिंदूर के पेड़ लगाए गए, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री ने देव वृक्ष रुद्राक्ष का पौधरोपण किया और शहीद दिनेश मिरानी के परिवार को सम्मानित किया। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि ये पेड़ मातृत्व प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक हैं। इस अवसर पर कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि CM साय ने पौधरोपण के बाद चरण पादुका योजना के तहत 60 तेंदूपत्ता हितग्राहियों को चरण पादुका भी वितरित की। साथ ही दुर्गापाली हाईस्कूल का नाम पं. त्रिलोचन प्रसाद मिश्रा के नाम पर रखने और देवी माँ मंगला कुंद्रा दाई मंदिर परिसर में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। महाविद्यालय निर्माण की मांग को भी सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया। उन्होंने क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार पर जोर दिया और ग्रामीणों से पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।
