स्वतंत्रता दिवस की ( 14 अगस्त ) पूर्व संध्या पर रायपुर के गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया, जब रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में 'भारत माता की आरती' का एक भव्य और भावनात्मक आयोजन संपन्न हुआ। हजारों की संख्या में जुटे लोगों की भागीदारी ने इसे राष्ट्रीय एकता, शहीदों के सम्मान और जनमानस के समर्पण का प्रतीक बना दिया।
इस ऐतिहासिक आयोजन की शुरुआत 101 पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच आरती से हुई। दीप, धूप और कपूर के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने भारत माता को नमन किया। पूरा चौक 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से गूंज उठा।
विधायक राजेश मूणत ने अपने उद्बोधन में इस आयोजन को राष्ट्र की एकता, बलिदान और श्रद्धा को समर्पित बताया। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा:
“भारत को कमजोर समझने की भूल करने वालों को हर बार जवाब मिलेगा — कभी सर्जिकल स्ट्राइक से, कभी एयर स्ट्राइक से। चाहे नक्सली हों या आतंकी, भारत अब सहन नहीं करता — जवाब देता है।”
कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों को सलाम किया गया। सीमाओं से लेकर जंगलों तक देश की रक्षा कर रहे जवानों की वीरता को इस आरती के माध्यम से नमन किया गया।
आरती के पश्चात लोक कलाकार राकेश तिवारी और पुरुषोत्तम चंद्राकर व उनके दल ने छत्तीसगढ़ी देशभक्ति गीतों के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। तालियों की गूंज और देशभक्ति के स्वर ने समूचे माहौल को उत्साह से भर दिया।
इस आयोजन में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। दीप प्रज्वलित कर उन्होंने भारत माता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूरे आयोजन में अनुशासन, शांति और एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के पूर्व, रायपुर पश्चिम के सभी 20 वार्डों से तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्थानीय पार्षद, युवा टोली और नागरिक बाइक रैली के रूप में 'भारत माता की जय' के नारों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। तिरंगों से सजे वाहनों और देशभक्ति नारों से पूरा रायपुर पश्चिम राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इस आयोजन में केवल भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
प्रमुख उपस्थिति में विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू, राजीव अग्रवाल, छगनलाल मुंदड़ा, ओंकार बैस, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगिराज टिकरिया, अमरजीत छाबड़ा, राहुल, जयंती पटेल और सूर्यकांत राठौर सहित कई अन्य सम्माननीय व्यक्तित्व शामिल थे।
यह आरती केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत माता के चरणों में समर्पित एक सशक्त संदेश था—कि यह राष्ट्र अपने शहीदों को भूलता नहीं और अपनी अखंडता को चुनौती देने वालों को माफ नहीं करता।
जय हिंद! वंदे मातरम्!
