विश्व के कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

विश्व के कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं

Date : 15-Aug-2025

नई दिल्ली, 15 अगस्त । देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुनिया भर के कई प्रमुख नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री मोदी से फरवरी में हुई मुलाकात को याद किया और आशा की कि 2047 और उसके आगे भी दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ होती रहेगी। इस पर प्रधानमंत्री ने धन्यवाद देते हुए कहा कि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को महत्व देते हैं तथा अपने लोगों के लाभ के लिए इसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामगुलाम की ओर से मिले संदेश पर प्रधानमंत्री ने आभार जताया और कहा कि मॉरीशस हमेशा हमारी जनता की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के साझा प्रयासों में एक रणनीतिक और विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा। प्रधानमंत्री डॉ. रामगुलाम ने कहा कि मॉरीशस और भारत के बीच के संबंध इतिहास, संस्कृति और संबंधों में निहित हैं। यह हमारे देशों के बीच सहयोग, मित्रता और पारस्परिक सम्मान को प्रेरित करते रहते हैं। भारत शांति, समृद्धि और प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और अपने लचीलेपन और दूरदर्शिता के उदाहरण से विश्व का मार्गदर्शन करता रहे।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से मालदीव का एक विश्वसनीय विकास साझेदार रहा है। वे हमारे देशों के बीच उच्चस्तरीय आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क में वृद्धि की गहराई से सराहना करते हैं जो हमारे बीच स्थापित मज़बूत सहयोग को रेखांकित करता है। इस पर प्रधानमंत्री ने धन्यवाद देते हुए कहा कि मालदीव हमारे लोगों और क्षेत्र के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि के हमारे साझा दृष्टिकोण में एक मूल्यवान पड़ोसी और करीबी साझेदार है।

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की ओर से प्राप्त शुभकामना संदेश पर प्रधानमंत्री ने धन्यवाद देते हुए कामना की कि आने वाले समय में हमारे देशों के बीच मैत्री के बंधन और भी मज़बूत हों।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement