भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर के 1,150 टोल प्लाजा पर 'फास्टैग वार्षिक पास' सुविधा को सफलतापूर्वक लागू कर दिया है। यह सुविधा विशेष रूप से गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए शुरू की गई है, ताकि टोल भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सहज और सरल बनाया जा सके।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, योजना के पहले ही दिन शाम 7 बजे तक लगभग 1.40 लाख उपयोगकर्ताओं ने इस वार्षिक पास को खरीदकर सक्रिय कर लिया। इतने ही लेनदेन टोल प्लाज़ा पर दर्ज किए गए, जो इस योजना की शुरुआती सफलता को दर्शाता है।
क्या है फास्टैग वार्षिक पास?
-
यह पास ₹3,000 के एकमुश्त भुगतान पर उपलब्ध है।
-
इसकी वैधता एक वर्ष या 200 टोल क्रॉसिंग (जो पहले हो) तक है।
-
बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता नहीं होगी।
-
यह सुविधा केवल वैध फास्टैग वाले निजी वाहनों के लिए मान्य है।
एनएचएआई ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि उपयोगकर्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, प्रत्येक टोल प्लाजा पर अपने अधिकारी और नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।
इस पहल से न केवल टोल भुगतान प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि देशभर में यात्रियों को अधिक सुगम और बाधारहित यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।
