देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में सोमवार से आयोजित होगा 'वाटरवेज टू वंडर' सम्मेलन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में सोमवार से आयोजित होगा 'वाटरवेज टू वंडर' सम्मेलन

Date : 16-Aug-2025

नई दिल्ली, 16 अगस्त । देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार से 'वाटरवेज टू वंडर' सम्मेलन होगा। इस ‘वाटरवेज टू वंडर : अनलॉकिंग क्रूज टूरिज्म’ कार्यक्रम को मुंबई पोर्ट ट्रस्ट, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और भारतीय बंदरगाह संघ (आईपीए) मिलकर आयोजित करेंगे।

यह जानकारी शनिवार को पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने अपने बयान में दी। मंत्रालय ने बताया कि इस सम्मेलन में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम और पर्यटन से जुड़े कई बड़े अधिकारी शामिल होंगे। इसमें पैनल चर्चा, प्रस्तुतियां और भाषण होंगे, जिनमें भारत में क्रूज पर्यटन को बढ़ाने की संभावनाओं पर बातचीत की जाएगी। खास तौर पर यह चर्चा नीति, नियम, तटीय पर्यटन, स्मार्ट टर्मिनल और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बंदरगाहों के विकास जैसे विषयों पर होगी।

मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रम में नाविक प्रकोष्ठ 4 की तरफ से एक खास प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें भारत में पर्यटन और नाव सेवाओं के क्षेत्र में हुई प्रगति और सुधारों को दिखाया जाएगा। यह प्रकोष्ठ बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन काम करता है और इसका उद्देश्य भारत को क्रूज पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है।

सम्मेलन में आईडब्ल्यूएआई के अध्यक्ष विजय कुमार मुख्य भाषण देंगे। वह नाविक प्रकोष्ठ 4 के भी प्रमुख अधिकारी हैं। आईडब्ल्यूएआई देश में नदियों और जलमार्गों के जरिए यातायात और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला एक सरकारी संगठन है। इस दौरान एक पैनल चर्चा भी होगी, जिसमें विकास नरवाल (प्रबंध निदेशक, आईपीए), एके बंसल (मुख्य अभियंता, आईडब्ल्यूएआई), ओपेश शर्मा (निदेशक, क्रूज, पोत परिवहन मंत्रालय), अंतरा क्रूज, नॉर्डिक क्रूजलाइन और अन्य रिवर क्रूज कंपनियों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम का समापन भारत समुद्री सप्ताह 2025 से जुड़ी एक प्रस्तुति के साथ होगा। यह सप्ताह अक्टूबर में मनाया जाएगा, जिसमें समुद्री क्षेत्र में भारत की प्रगति और नए अवसरों को दिखाया जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement